आजमगढ़। जिले में कुल 22 ब्लाकों के प्रमुख चुनाव के लिए 58 लोगों ने पर्चे दाखिल किए थे। इसमें शुक्रवार को भाजपा के दो उम्मीदवारों से समेत नौ लोगों ने पर्चे वापस ले लिए। नाम वापसी के बाद अब 49 प्रत्याशी मैदान में रह गए है जबकि पांच ब्लाकों में निर्विरोध निर्वाचन हो गया। अब 17 ब्लाकों ही चुनाव की नौबत रह गई है।
बृहस्पतिवार को सभी ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन हुआ था। भाजपा ने 18 और सपा ने 16 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। वहीं कुल 24 निर्दल प्रत्याशियों ने भी दावेदारी की है। शुक्रवार को अजमतगढ़ ब्लाक से भाजपा के मनीष मिश्रा व मिर्जापुर ब्लाक से भाजपा की ही गीता जायसवाल ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके अलावा मिर्जापुर से ही निर्दल प्रत्याशी रीता व नाजिया ने नाम वापस लिया है। मार्टीनगंज से आशा, मेंहनगर से सुनीता, पल्हनी से कौशिल्या व कोयलसा से इंदू ने दावेदारी छोड़ दी। सभी निर्दल चुनाव लड़ रहे थे। इन नौ प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद कुल 49 प्रत्याशी मैदान में रह गए है। ज्यादातर सीटों पर सपा व भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। पांच सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है, जिसमें लालगंज से सपा की अमलादेवी, फूलपुर से सपा की अर्चना यादव, तरवां से भाजपा के मतानु राम, ठेकमा ने निर्दल दुर्गावती देवी व अजमतगढ़ से निर्दल अलका मिश्रा शामिल हैं।
आज 17 सीटों पर होगा चुनाव
आजमगढ़। जिले के 22 ब्लाकों में से पांच पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब शेष 17 सीटों पर ही आज सुबह 11 से तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिन सीटों पर चुनाव होगा उसमें अतरौलिया, कोयलसा, जहानागंज, पल्हना, पवई, मेंहनगर, मोहम्मदपुर, महराजगंज, मिर्जापुर, सठियांव, हरैया व तहबरपुर में दो-दो प्रत्याशी मैदान में है। अहरौला, मार्टीनगंज व बिलरियागंज में तीन-तीन दावेदारों में मुकाबला होगा। पल्हनी ब्लाक पर चार तो रानी की सराय ब्लाक पर सर्वाधिक सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।