आजमगढ़। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद में परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण की बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। बैठक में नौ प्रकरणों में दोनों पक्षों को फोन एवं नोटिस से सूचना देकर समझौते के लिए बुलाया गया। इसमें आठ प्रकरणों में दोनों पक्ष उपस्थित हुए।
गहन काउंसिलिंग एवं प्रयासों के बाद एक प्रकरण में आपसी सहमति से समझौता कराया गया, जबकि छह प्रकरणों में दंपतियों ने आपसी कुशलता प्रकट की। शेष प्रकरणों में अगली तिथि नियत कर दोनों पक्षों को पुनः सुनवाई के लिए सूचित किया गया। समझौता किए गए प्रकरण में पारिवारिक विवाद, मारपीट, गाली-गलौज एवं भरण-पोषण से संबंधित शिकायतें थीं, जिनका सफल निस्तारण कर परिवार को पुनः एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया।
नई किरण प्रोजेक्ट के माध्यम से बिखरे परिवारों को जोड़ने और पारिवारिक न्यायालयों के कार्यभार को कम करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर काउंसलर डॉ. उमेशचंद्र पांडेय, काउंसलर गिरीश सिंह पटेल, उपनिरीक्षक महेंद्र प्रसाद तिवारी, उपनिरीक्षक सत्यनारायण यादव, आरक्षी जितेंद्र कुमार शाह, आरक्षी सुनील कुमार गुप्ता एवं महिला आरक्षी नेहा सिंह उपस्थित रहे।