रानी की सराय। स्थानीय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव में तालाब के पास झाड़ियों के बीच एक नवजात पाया गया। गांव के कुछ युवाओं ने शिशु के रोने की आवाज सुन कर झाड़ियों से निकाला। गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नवजात को जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया।
गांव के कुछ युवक बुधवार की सुबह गांव स्थित पोखरे के पास घूम रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के बीच से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। युवकों ने झाड़ियों में देखा तो कपड़े में लिपटा नवजात पड़ा था। युवकों ने झाड़ियों के बीच से बच्चे को तत्काल निकाला और पुलिस को सूचना दी। तब तक मौके पर गांव वालों की भी भीड़ लग गई। गांव के चौकीदार द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची रानी की सराय थाना पुलिस ने नवजात बच्चे को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। एसओ रानी की सराय दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि दिलौरी गांव में झाड़ियों के बीच नवजात फेंका मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चा स्वस्थ है। जिला प्रबेशन अधिकारी बीएल यादव ने बताया कि फिलहाल शिशु का इलाज चल रहा है। उसके बाद उसे बाल गृह इलाहाबाद भेजा जाएगा।