आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में अब व्हाटस एप से आनलाइन पढ़ाई के बजाए गूगल मीट एवं वीडियो एप से ही होगी। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक ने बीते 29 जुलाई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा निर्देश जारी करते हुए हर हाल में 10 अगस्त से नई व्यवस्था के तहत कक्षाएं संचालित करानी है।
इसके लिए हर विद्यालय के एक मोबाइल में दक्ष शिक्षक को आनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद वह विद्यालय के अन्य सभी शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। नई व्यवस्था के तहत जिले के 764 विद्यालयों के प्रत्येक शिक्षक एवं नोडल अधिकारी को भी प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पूरा खाका खींचते हुए सभी प्रधानाचार्यों से विद्यालय के एक शिक्षक जो मोबाइल में दक्ष हो उसकी सूची मांगी है। आनलाइन प्रशिक्षण आयोजित होगा। जिसमें चरणबद्ध तरीके से विभिन्न तिथियों में अलग अलग विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय के एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। उसके बाद प्रशिक्षक शिक्षक अपने अपने विद्यालयों के अन्य शिक्षकों को इसके लिए प्रशिक्षण देंगे। हर हाल में 10 अगस्त से आनलाइन कक्षाएं संचालित होनी है।