आजमगढ़। कोविड महामारी को देखते हुए सरकार ने कोषागार में होने वाली भीड़ को कम करने के उद्देश्य से जीवन प्रमाण-पत्र देने के लिए पेंशनर्स को जीवन प्रमाण-पत्र वेबसाइट (jeevanpramaan.gov.in) पर सुविधा प्रदान की है।
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि कोविड 19 महामारी के रोकथाम एवं बचाव को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उक्त निर्णय अधिक व्यक्तियों को एक जगह पर एकत्रित न होना, अधिक उम्र के व्यक्तियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाने को देखते हुए लिया है। उन्होंने शासन/निदेशक कोषागार द्वारा जारी निर्देश के क्रम में आजमगढ़ के सभी पेंशनर्स से अनुरोध करते हुए कहा कि पेंशनर्स अपना जीवन प्रमाण- पत्र देने के लिये कोषागार न आए। जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए सरकार ने जीवन प्रमाण-पत्र वेसाइट (jeevanpramaan.gov.in) पर सुविधा प्रदान की है। मुख्य कोषाधिकारी ने उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुये पेंशनरों से अनुरोध किया है कि निर्धारित प्रारूप पर अपना प्रार्थना-पत्र स्कैन करके स्वयं अथवा अपने पुत्र/पुत्री के ई-मेल आईडी से कोषागार के ई मेल आईडी toaza@up.nic.in पर भेज दें। यह सुविधा उन्हीं पेंशनरों को अनुमन्य होगी, जिनके लाइफ सर्टिफिकेट मार्च 2021 से जून 2021 के मध्य देय है।