आजमगढ़। लॉक डाउन के दौरान असहाय लोगों की सहायता के लिए प्रशासन ने स्पष्ट गाइड लाइन जारी की है। साफ निर्देश दिया है कि डोर टू डोर ही जाकर राशन दिया जाए। लोग मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। बावजूद इसके पल्हना ब्लाक के एक गांव में एक बसपा नेता ने राशन बांटने के लिए सभा कर डाली। बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की परवाह किए भीड़ तो जुटी ही ब्लाक के बीडीओ ने भी मंच साझा किया और लोगों को संबोधित करते नजर आए। इसका वीडियो वायरल हुआ तो डीएम एनपी सिंह ने बीडीओ को जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है और जांच बैठा दी। पुलिस को भी डिजास्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया है।
डीएम एनपी सिंह ने राशन वितरण के लिए स्पष्ट निर्देश दिया है कि संगठन हो या अधिकारी जरूरतमंदों का राशन उसके घर पर राशन पहुंचाएं। साथ ही राशन वितरण की फोटोग्राफी भी न की जाए। इसके बाद भी नियमों को माना नहीं जा रहा है। पल्हना ब्लाक के कबूतरा गांव के पास पवनी कलां में बसपा नेता प्रदीप सिंह की ओर से राशन वितरण के लिए सभा की। इसमें कई नामी-गिरामी लोग शामिल रहे। बिना मास्क और बिना सोशल डिस्टेंसिंग के जनसभा को संबोधित किया गया और तो और यहां पल्हना ब्लाक के बीडीओ सलीम अंसारी ने भी मंच साझा किया। जनसभा का वीडियो डीएम एनपी सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने बीडीओ से स्पष्टीकरण तलब कर उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया। साथ ही स्पष्टीकरण भी तलब किया है। मामले की जांच एसडीएम मेंहनगर को सौंपी है। इसके साथ ही पुलिस को मामले में डिजास्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इस बारे में बसपा नेता प्रदीप सिंह ने कहा कि काफी दिनों से मैं क्षेत्र में गरीब और असहाय लोगों को राशन वितरित कर रहा हूं। कुछ राजनीतिक कारणों से भाजपा के लोग इसे तूल दे रहे हैं। जिन्हें राशन दिया गया उन्हें गमछा भी बांटा गया है।