देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव निवासी अमरनाथ सरोज, श्रीनाथ सरोज ने अपने ही भतीजे के खिलाफ 328 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। अमरनाथ और श्रीनाथ की तहरीर पर पुलिस ने उनके भतीजे सिकंदर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी भतीजे की तलाश में जुट गई है।
अमरनाथ सरोज ने बताया कि उनकी साझे की जमीन मौजा कैथी शंकरपुर में थी, जिसके तीन हिस्सेदार थे। इसमें श्रीनाथ सरोज, अमरनाथ सरोज पुत्रगण बरसाती व सिकन्दर पुत्र राजदेव सरोज भी सहखातेदार थे। तीनों ने मिलकर क्रेता कैथी शंकरपुर निवासी बावेल सिंह को एक करोड़ 17 लाख 13 हजार रुपये में बेच दिया। जमीन को बिकवाने में मध्यस्थता भतीजे सिकंदर सरोज ने की थी। जमीन का बैनामा होने के बाद एक दिन भतीजा सिकंदर उनके पास आया और कहने लगा कि जमीन को बिकवाने में हमने काफी मेहनत की है। इसलिए आप लोग हमें अपनी-अपनी तरफ से कुछ मेहनताना दो। हम लोग तैयार हो गए तो वह हमें लालगंज स्थित एचडीएफसी बैंक ले गया। उसने कहा कि आप लोग अपना-अपना चेक निकालिए और मैं भरकर 16-16 हजार रुपये लूंगा। हम दोनों भाइयों ने विश्वास में आकर अपना चेकबुक सिकंदर सरोज को दे दिया।
इसके बाद सिकंदर ने चेकबुक पर 16-16 हजार की जगह 16-16 लाख रुपये हम लोगों के खाते से अपने खाते में जमा करा लिए। इतना हीं नहीं उसके द्वारा हम दोनों भाइयों से तीन-तीन लाख रुपये कैश भी लिए गए। बैंक से 16 लाख रुपये कटने का मोबाइल पर जब मैसेज आया तो पूछने पर सिकंदर सरोज ने कहा कि मैंने जानबूझकर करवाया है। शिकायत करने के नाम पर भद्दी-भद्दी गालियां दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। अमरनाथ और श्रीनाथ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी भतीजे सिकंदर सरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और तलाश में जुट गई है।