पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने शनिवार को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नवली गांव में डेढ़ माह पूर्व ट्रैक्टर चालक की हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस, मोबाइल और एक जोड़ी जूता बरामद किया है। वहीं, फरार चल रहे एक और आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
ये है पूरा मामला
एसपी के मुताबिक, आरोपी नितीश राय ने बताया कि सुनील कुमार राय उर्फ मुन्ना राय उसका पड़ोसी था। उसके परिवार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। अक्सर सुनील उसके परिवार को गाली देता था और बेइज्जत करता था। एक साल पहले जब उसके बाबा रामधारी राय की मृत्यु हुई थी तो सुनील व उसके परिवार के लोगों ने शव को उठने नहीं दिया था। इसके कारण उसके गांव व आसपास के गांव में परिवार की बदनामी हुई थी। आरोपी ने बताया कि उस समय वह कमजोर होने के नाते खुद को शांत कर लिया। इधर, फिर से सुनील ने उसके घर के सामने से जाने वाले रास्ते पर मिट्टी पटवा दी थी।
इसे लेकर उसके परिवार से विवाद हुआ था। इससे क्षुब्ध होकर नितीश राय और व उसके पिता सत्यदेव राय उर्फ पप्पू राय ने सुनील कुमार राय की हत्या की साजिश रची। इसमें मालेपट्टी गांव निवासी दोस्त मौसम चौहान को पैसों का लालच देकर अपने साथ शामिल किया।
29 नवंबर को दोस्त मौसम चौहान को फोन करके बुलाया तो वह बड़सरा खालसा गांव में मिला। जहां पर उसका पिता सत्यदेव राय भी मौजूद था। उसके पिता ने तमंचे में एक कारतूस भरकर दिया। इसके बाद वह नवली गांव में ट्रैक्टर से खेत की जोताई कर रहे सुनील को गोली मार दी।