मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार में मंगलवार की शाम मोबाइल शाप से हुई लूट की घटना के बाद उस समय बवाल मच गया, जब भीड़ ने एक बदमाश को दौड़ाकर दबोच लिया। जबकि बोलेरो सवार चार बदमाश भाग गए। पकड़े गए बदमाश की पिटाई करने के बाद भीड़ का गुस्सा पुलिस की निष्क्रियता पर फूटा।
भीड़ बनकट पुलिस चौकी के सामने आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग को जाम कर दी। जाम खुलाने आए सिपाहियोें की भीड़ से झड़प हो गई हुई। सूचना मिलने पर मुबारकपुर के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही भीड़ को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराई।
थानाध्यक्ष मुबारकपुर बृजेश यादव पकड़े गए बदमाश याकूब पुत्र जैश को हिरासत में लेकर थाने लौटे। बताते चले कि बनकट गांव निवासी मुसर्रफ पुत्र शाह आलम बाजार में मोबाइल की दूकान खोला है। मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे के करीब बोलेरो में सवार पांच बदमाश उसकी दूकान पर पहुंचे।
इस दौरान बदमाश खरीदने के बहाने मोबाइल निकलवाए। इसके बाद दूकानदार को तमंचा सटाकर मोबाइल के साथ 15 हजार रुपये नगद और दूकान में मौजूद लैपटाप लूटकर भागने लगे। बदमाशों के दूकान से निकलने पर दूकानदार ने शोर मचाया। इस दौरान शाम के वक्त बाजार में भीड़ ने बदमाशों को ललकारते हुए दौड़ा लिया। बोलेरो में सवार हो चुके चार बदमाश तो भाग गए लेकिन नीचे मौजूद पांचवां याकूब पुत्र जैश हत्थे चढ़ गया।
बदमाश याकूब जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धरहरा गांव का निवासी है। दबोचने के बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की। घटना के काफी देर बाद तक जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो भीड़ का गुस्सा पुलिस पर फूट पड़ा। इस दौरान बदमाश को लेकर भीड़ बनकट चौकी पर पहुंची।
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो पहले पुलिस और लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ गया। पुलिस की भीड़ से नोकझोंक के साथ हाथापाई हो गई।
इस बीच सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मुबारकपुर बृजेश यादव के साथ शहर कोतवाल सारंगधर द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी जीयनपुर मय फोर्स मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। दूकानदार के भाई अकरम ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें 15 हजार नगद, मोबाइल और लैपटाप लूटने का आरोप है। थानाध्यक्ष मुबारकपुर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर अन्य बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।