आजमगढ़। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और केंद्राध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं केंद्राध्यक्षों को एनटीए के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, प्रश्न-पत्र और ओएमआर शीट की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित प्रेषण की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर 18 जून दोपहर 12 बजे तक सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित और क्रियाशील करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट और प्रत्येक तीन से चार केंद्रों पर एक नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिसकर्मियों और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा की जाए।
बैठक में एडीएम गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।