मेंहनगर में धरने पर बैठे कर्मचारियों को समाते एसडीएम अरविंद कुमार
- फोटो : AZAMGARH
मेंहनगर। स्थानीय नगर पंचायत स्थित लखराव पोखरा पर बुधवार की शाम को कुछ मनबढ़ युवकों ने एक सफाईकर्मी की पिटाई कर दी। इस बात से नाराज नगर पंचायत कर्मी गुरुवार की सुबह आक्रोशित हो गये और मेंहनगर-छतवारा मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम व चेयरमैन ने किसी तरह कर्मचारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
नगर पालिका का सफाई कर्मचारी प्रमोद कुमार बुधवार की शाम अलाव जलाने के लिए लखराव पोखरा के पास लकड़ी गिरा रहा था। इसी दौरान कस्बा निवासी कुछ युवकों ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। उसने जब उनका विरोध किया तो मनबढ़ युवकों ने सफाईकर्मी की पिटाई कर दी। पीड़ित की सूचना पर पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक मनबढ़ युवक मौके से फरार हो गये। सफाई कर्मी के पिटाई की जानकारी होते ही नगर पंचायत कर्मी आक्रोशित हो उठे और गुरुवार की सुबह आठ बजे लखराव पोखरा के पास चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम अरविंद कुमार सिंह व चेयरमैन अशोक चौहान मौके पर पहुंच गये। उन्होंने नगर पंचायत कर्मियों को मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वसन देकर शांत कराते हुए जाम समाप्त करवाया। जाम करने वालों में संजय कुमार, नन्हें, पिंटू, कंचन, दूधनाथ, गगन, रविंद्र, हरश्चिंद्र, जयराम आदि मौजूद रहे। सफाई कर्मचारी की तरफ से मनबढ़ों के खिलाफ नामजद तहरीर भी दे दी गई है।