दीवानी बार के अधिवक्ताओं को संबोधित करते जनपद न्यायाधीश दिनेश चंद।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। नवागत जनपद न्यायाधीश दिनेश चंद्र ने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से उठाई गई उचित और जायज मांगों को अवश्य पूरा किए जाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए सदैव तैयार रहेंगे। लेकिन अनुचित मांगों पर मेरा रवैया शख्त रहेगा।
नवागत जनपद न्यायाधीश अपना पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के सभागार में अधिवक्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैने 16 वर्षो तक वकालत पेशे से जुड़ा रहा हूं और वकीलों की समस्याओं से भलिभांति परीचित हूं। उन्होंने कहा कि बार और बेंच के बीच जो भी समस्या होगी उसे मिल बैठकर हल कर लिया जाएगा। इस दौरान संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने साइकिल स्टैंड, यूरिनल की व्यवस्था और अधिवक्ताओं के बैठने के लिए सेड की व्यवस्था, अधिवक्ताओं को दिए जाने वाले परिचय पत्र समेत विभिन्न समस्याओं के प्रति जनपद न्यायाधीश का ध्यान आकृष्ट कराया। अधिवक्ताओं की समस्याओं को जनपद न्यायाधीश ने गंभीरता से सुना और जल्द से जल्द निस्तारण किए जाने का आश्वासन दिया। इसके पूर्व संयोजक मंडल के वरिष्ठ अधिवक्ता हवलदार सिंह और अधिवक्ता संगठन की तरफ से अध्यक्ष ने पुष्प भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के मंत्री अनिल कुमार राय ने किया। इस मौके पर अपर सत्र न्यायाधीश सौरभ सक्सेना, एसीजेएम रणविजय सिंह, संघ के उपाध्यक्ष इंद्र बहादुर सिंह, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह, ओम प्रकाश मिश्र, विरेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।