मुबारकपुर। नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में बुधवार को हटाया गया। इससे अन्य अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। कस्बा के मुहल्ला आजाद नगर में गाटा संख्या 472 जो राजस्व अभिलेखों में नवीन परती दर्ज है। इस सरकारी भूमि पर कई वर्षों से आधा दर्जन लोगों का अवैध अस्थायी क़ब्जा था। नायब तहसीलदार श्रीराम, अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल की टीम ने पुलिस बल के साथ बुलडोजर की मदद से अस्थायी कब्जा को ध्वस्त किया गया। उसी गाटे में शमसुलहक़ समेत दो लोगों ने पक्के आशियाने बना लिए थे। इन लोगों के विरूद्घ नायब तहसीलदार व ईओ ने कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया है। जिला न्यायालय के निर्देशानुसार ही कार्रवाई की जाएगी। लेखपाल अमित सिंह ने बताया कि जिन लोगों के पक्के मकान बने थे उन्हें छोड़कर शेष सभी के अस्थायी रूप से बाउंड्री, बुनियाद भरी भूमि पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाई की गयी है। जिनके पक्के मकान बने पाए गए उनके विरुद्ध रिपोर्ट भेजी गयी है। न्यायालय के आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उप जिलाधिकारी निजामाबाद रवि कुमार के नेतृत्व में नगर पंचायत सरायमीर के अधिशासी अधिकारी रंग बहादुर सिंह व थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडेय बुधवार को पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर कस्बे में पहुंचे। इस दौरान खरेवां मोड़ से नंदाव मोड़ तक मुख्य मार्ग की पटरी से अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को देखते हुए सरायमीर बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उन्होंने बुलडोजर दुकान तक पहुंचे इसके पहले ही दुकानों के सामने रखे सामान व टिनशेड को स्वयं ही हटा लिया। सड़क किनारे पटरियों व नाली पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने रविवार को ही ध्वनि विस्तारक यंत्र से सबको सूचित कर दिया था कि नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने पर पूरा खर्चा अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा। उनके विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। कोई भी वाहन जैसे बस, आटो रिक्शा, टैक्सी, कार , बाइक मार्केट में सड़क पर खड़ी पाई जाती है तो उसको सीज कर दिया जाएगा। बुलडोजर के खौफ से अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने लगाए गए टिनशेड को स्वयं हटा लिया।