मुबारकपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों में मुबारकपुर नगरपालिका ने जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही प्रदेश स्तर पर मुबारकपुर ने 67वां स्थान प्राप्त किया जो इसकी स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जिले की तीन नगर पालिकाओं और 13 नगर पंचायतों ने हिस्सा लिया। मुबारकपुर नगरपालिका परिषद ने न केवल जनपद में शीर्ष स्थान प्राप्त किया बल्कि प्रदेश में भी 67वें स्थान के साथ अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की। वहीं, नगरपालिका परिषद आजमगढ़ को प्रदेश में 71वां और बिलरियागंज नगरपालिका को 529वां स्थान मिला। नगर पंचायतों में अजमतगढ़ को 286वां, निजामाबाद को 374वां, जहानागंज को 388वां, जीयनपुर को 389वां, कटघर लालगंज को 432वां, सरायमीर को 437वां, बुढ़नपुर को 488वां, मेहनगर को 566वां, माहुल को 647वां, मार्टीनगंज को 652वां, अतरौलिया को 653वां, महराजगंज को 690वां और फूलपुर को 758वां स्थान प्राप्त हुआ है।
इस संबंध में ईओ विनय कुमार मिश्र ने कहा कि मुबारकपुर की जनता ने अपने क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह उपलब्धि हम सभी के लिए प्रेरणा है कि हम स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें।