कर्बला के 72 शहीदों की याद में शिया समुदाय ने अलम और दुलदुल के साथ चेहल्लुम का मातमी जुलूस निकाला। नगर के मोहल्ला आसिफ़गंज स्थित बाग मीर पेटू के मैदान से निकले जुलूस में नौहा और मातम से शहीदों को खिराजे अकीदत पेश की गई।
बाग मीरपेटू से जुलूस पुरानी कोतवाली पहुंचा, जहां पर बाहर से आई अंजुमनें जंजीरी मातम करते हुए जुलूस के साथ मुख्य चौक पहुंची। जुलूस कदीमी रास्तों से होता हुआ कटरा पुरानी सब्जी मंडी इमामबाड़ा पहुंचा। जहां अजादारों ने उठाए गए ताबूत की जियारत की। अंजुमन जी नतुल अजा सुल्तानपुर बाराबंकी, अंजुमन गुलशने इस्लाम अंबेडकर नगर, अंजुमन गुलशन इस्लाम मित्तूपुर, अंजुमन अंसारी हुसैनी आजमगढ़ ने नौहा मातम किया। इस दौरान अज़ादार हुसैन उर्फ चुन्ना, जफर अहमद, कल्बे हुसैन आजमी समेत काफी संख्या में अजादारों की मौजूदगी रही।