निजामाबाद। तहबरपुर थाना क्षेत्र के मोती बाबा मंदिर के पास मंगलवार शाम लगभग 6:30 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार रामकेवल की मौत हो गई। जबकि उसका रिश्तेदार घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ट्रेलर को लेकर थाने आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्राम सरदहां निवासी रामकेवल (43 वर्ष) अपने रिश्तेदार हरिशंकर चौहान 44 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल पर सोफीपुर बाजार से घर लौट रहे थे। जब वे मोती बाबा मंदिर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े। रामकेवल को गंभीर चोटें आईं और हरिशंकर भी घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने एंबुलेंस से दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामकेवल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके रिश्तेदार की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। रामकेवल अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए मेहनत-मजदूरी करते थे। थानाध्यक्ष विरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर चालक मौके से भाग गया।