बरदह। थाना क्षेत्र के बैरीचंद्र गांव में बुधवार की रात चारपाई पर सो रही पूर्व जिला पंचायत सदस्य की रामसहाय राजभर की मां नरमा देवी (65) की करंट लगाकर हत्या करने का आरोप परिजनों ने लगाया है। उनकी चीख सुनकर पास में सो रहे उनके पति ने तुरंत बोर्ड से तार निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
बरदह थाना क्षेत्र के बैरीचंद्र गांव निवासी रामसहाय राजभर महुजा नेवादा के पूर्व महाप्रधान रह चुके हैं। वह बुधवार की रात खाना खाने के बाद अपने परिवार के साथ सोने चले गए। वहीं, उनकी मां नरमा देवी और पिता फेंकू राजभर सोने चले गए। एक चारपाई पर नरमा देवी और बगल में ही दूसरी चारपाई पर उनके पति फेंकू सो रहे थे।
रात करीब दो बजे उनके एक पैर में किसी ने नया विद्युत तार लपेट दिया और प्लग को बोर्ड में लाइट से जोड़ दिया। करंट लगते ही वह चिल्लाने लगीं और चारपाई से नीचे गिर गईं। बगल में सो रहे फेंकू राजभर ने तार को पकड़कर खींचा तो वह भी करंट की चपेट में आ गए लेकिन तार टूटने से करंट का प्रवाह रुक गया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और मां रमा देवी को उठाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं उठीं। मृतक के पांच पुत्र और एक पुत्री हैं।
परिजन चोरों पर जता रहे हत्या करने की आशंका
परिजनों का कहना है कि हाल ही में गांव में चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिससे उन्हें शक है कि चोरों ने ही उनकी मां की हत्या की है। फेंकू राजभर ने बताया कि चोर घर आए थे और घर के पास बंधी भैंस की रस्सी कटी थी। वहीं पीछे धान के खेत में भी धान टूटा हुआ है। किसी के आने जाने का निशान भी है। चोर आए हाेंगे और नरमा देवी के पैर में तार लगाकर करंट से हत्या कर दिए।
महिला की करंट लगने से मौत की सूचना मिली है। मामला अभी संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि मौत करंट से हुई कि नहीं। जांच की जा रही है। यदि हत्या की गई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार सिंह, थानाध्यक्ष बरदह।