आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मृतका की सास और देवर शामिल हैं। आरोपियों पर अपनी बहू की दहेज के लिए हत्या करने आरोप है।
मामला 15 मई 2025 का है। महाराजगंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी पीड़ित सतेंद्र कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन बबिता की शादी चार जून 2018 को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ तिवारी निवासी अमर कुमार से हुई थी। शादी में नगद 1.10 लाख रुपये, बाइक, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जेवरात देने के बावजूद ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे। चैन और अंगूठी की मांग पूरी न होने पर आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते 15 मई को बबिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस संबंध में जीयनपुर थाना पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा द्वारा की जा रही है। 25 सितंबर को पुलिस ने कमलाकान्त (देवर) और इन्द्रावती देवी (सास) को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।