अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा के पास बृहस्पववार की सुबह जीयनपुर-मुबारकपुर मार्ग पर बाइक सवार मां-बेटा ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गए। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मां को मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटा की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी लालधर मौर्य की पत्नी निर्मला मौर्य (44) आशा बहू थी। वह बृहस्पतिवार को अपने बेटे अमित (19) के साथ बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मीटिंग में भाग लेने जा रही थीं। वह जैसे ही कटरा मोड़ से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंची थीं कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में बाइक आ गई।
हादसे में निर्मला व अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग मां को शहर के निजी चिकित्सालय में ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बेटा अमित मौर्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। मृतका दो पुत्र व एक पुत्री की मां थी।