ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के सैयदबहाउद्दीनपुर गांव के सिवान में गौवंश काटने का विरोध करने पर मांस कारोबारियों ने मां व उसके दो बेटो पर चाकू से हमला कर दिया। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर नामजद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादों गांव निवासिनी गीता देवी का खेत बरदह थाना के सैय्यदबहाउद्दीनपुर गांव के सिवान में है। शनिवार की देर शाम वह अपने दो पुत्रों अमरजीत (18) व अजीत (25) के साथ खेत में बोए प्याज में पानी चला रही थी। इसी दौरान सैय्यद बहाउद्दीनपुर गांव निवासी वीरेंद्र, बिट्टू व सादे एक गोवंश काट रहे थे। अमरजीत की नजर उन पर पड़ी तो वह अपने भाई अजीत के साथ मौके पर पहुंचा और गोवंश काटने का विरोध करने लगा। इस पर गोवंश काट रहे तीनों युवकों ने दोनों भाइयों पर चाकू से प्रहार कर दिया। बेटों की चीख सुन कर मां भी मौके पर पहुंची तो उक्त युवकों ने उस पर भी चाकू से प्रहार कर दिया। इसके बाद तीनोें भाग गए। घायलों की सूचना पर पहुंचे परिजन तीनों को इलाज के लिए सीएचसी मार्टीनगंज ले गए, इसके साथ ही घटना की सूचना बरदह थाना पुलिस को दिया। गीता देवी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया और भोर में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार भी कर लिया। एसओ बरदह धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और तीनों आरोपी गिरफ्तार है। जिनका संबंधित धाराओं में चालान किया जा रहा है।