मंगलवार को कोरोना के मरीजों को संख्या में बढ़ोत्तरी के बाद जिला अस्पताल में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : AZAMGARH
मेहनाजपुर। तरवां ब्लाक का मेहजानपुर क्षेत्र में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित मिलने के बाद दहशत का आलम है। क्षेत्र में अभी तक 14 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें आठ जियापुर गांव के ही है। इस गांव को कंटेंमेन जोन घोषित किया जा चुका है।
तरवां ब्लाक में मंगलवार को एक बार फिर छह कोरोना पॉजिटिव मिलने से महकमे के साथ ही क्षेत्र में हड़कंप मचा है। चिकित्सा प्रभारी तरवां डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि जियापुर में मंगलवार को चार और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि इनका पुराने केस से कोई सम्बन्ध नहीं है। ये सभी दिल्ली से आए हैं। डॉ. देवेंद्र ने बताया अब जियापुर में इतने कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं कि संक्रमण का खतरा बहुत बढ़ गया है। हमारी टीम जियापुर में लगातार लगी हुई है। छुपकर आने वाले ही संक्रमण का कारण बन जा रहे हैं। बार-बार गांव वालों को बताया जा रहा है कि आप लोग बाहर से आए लोगों को चिन्हित कर बताइये। छह और कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मेहनाजपुर में दहशत का आलम है। जियापुर में ही चार दिल्ली से आए पॉजिटिव अपने घर पर ही रह रहे थे। इससे संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है। 16 मई से ये लोग घर पर ही थे। स्वाभाविक है कि घर वाले और इनके आसपास वाले भी संक्रमित हो सकते हैं। इन सबका बाजार मेहनाजपुर ही है। इनसे सम्पर्क में आने वाले लोग बाजार में भी आए होंगे। कहने को तो जियापुर कंटेन्मेंट जोन में है, लेकिन यहां के लोग अक्सर बाजार में देखे जाते हैं।