बरदह थाना के राजेपुर गांव के राजेपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान मुर्गी फार्म पर गिरी मिट्टी।
- फोटो : अमर उजाला
बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव में गुरुवार की सुबह सड़क के किनारे मिट्टी गिरने से मिट्टी के दबाव से पोल्ट्री फार्म की दीवार भरभराकर ढह गई। इसमें दबकर 300 से अधिक मुर्गों की मौत हो गई। घटना के बाद मिट्टी गिरा रहा डंपर चालक भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। फार्म के मालिक ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी अखिलानंद राय का गांव में आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर पोल्ट्री फार्म है। सड़क को चौड़ा कराए जाने के लिए सड़क के किनारे मिट्टी गिराई जा रही है। गुरुवार की सुबह मिट्टी अखिलानंद के पोल्ट्री फार्म की दीवार के बगल में गिराई।
भारी दबाव की वजह से फार्म की दीवार ढह गई और टिनशेड आदि भी गिर गए। इसमें दबकर करीब 300 मुर्गों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
सूचना मिलने पर अखिलानंद राय मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सीओ लालगंज संतोष सिंह ने बताया कि डंपर पुलिस के कब्जे में है। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर मिली है, लेकिन रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।