आजमगढ़। सावन के अंतिम सोमवार को जिले भर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के प्रमुख भंवरनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। पुजारी गणेश गिरी ने बताया कि 25 हजार से अधिक भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं जनपद के अन्य शिवालयों में भी लोगों की कतार लगी रही।
शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जयकारों और घंटा-घड़ियाल की गूंज से वातावरण शिवमय हो गया। भंवरनाथ मंदिर परिसर के बाहर लगे मेले में बच्चों ने जमकर खिलौनों और मिठाइयों की खरीदारी की। नगर के एलवल त्रिमुहानी, मातबरगंज शंकर तिराहा, बौरहवा बाबा, नरौली, पंचदेव मंदिर, पुरानी कोतवाली व कटरा सहित अन्य मंदिरों में भी भारी संख्या उमड़ पड़े। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
महाराजगंज: भैरवबाबा धाम और रूपयनपुर शिवालय पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही शिवभक्त मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए लाइन में लग गए। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। रूपयनपुर में श्रद्धालुओं ने कुएं से जल भरकर शिवालय में जाकर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, भांग और जल अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जय भोले के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था।
रानी की सराय: सावन के चौथे सोमवार को क्षेत्र स्थित अवंतिकापुरी में भक्तों ने बेल-पत्र, फूल, माला, धतुरा, भांग, काले तिल, फल आदि चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात् शिवलिंग पर दूध और जल से अभिषेक किया। इसी प्रकार ब्लाक क्षेत्र स्थित अन्य शिवालयों में लोगों की भारी भीड़ रही। लालगंज: नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित पातालपुरी घमरिया महादेव मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर में घंटा-घड़ियाल की गूंज और भक्तों के उत्साह से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मेंहनगर : श्री मंडलेश्वर महादेव और कस्बा के लखरांव पोखरा स्थित महादेव घाट, करौती स्थित गिरीश्वर महादेव मंदिर में सोमवार के अंतिम दिन आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही भक्तों की लं कतार लग गई थी। भक्तों ने श्रद्धा भाव से जलाभिषेक किया। पंडित विनय पांडेय उर्फ रिंटू बाबा ने गिरीश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कराया।
शिव उपासना से ही मिलती है दुखों से मुक्ति
मेंहनगर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को पंडित विनय पांडेय उर्फ रिंटू बाबा की देखरेख में गिरीश्वर महादेव मंदिर स्थित रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें साधक अखिलेश चतुर्वेदी के हाथों पुजारी ने विधि पूर्वक पूजन-अर्चन कराया। बाबा ने शिव पूजा की पौराणिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘श्रावण मास में शिवलिंग पूजन अद्भुत और शीघ्र फल प्रदान करता है। शिव उपासना से ही जीवन के समस्त दुःखों से मुक्ति संभव है। अंत में आरती के बाद श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके बाद साधक पोस्टमास्टर अखिलेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में आयोजित भंडारे में ग्रामीणों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में लोगों ने किया प्रसाद ग्रहण
आजमगढ़। सावन माह को लेकर सोमवार को बाबा भंवरनाथ परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान लगे जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। अयोजक प्रमोद सिंह ने बताया कि सावन माह बाबा को अति प्रिय है, इसलिए उनके श्रद्धालुओं के लिए भंडारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर भोलू सिंह, गजराज, विपिन कुमार सिंह, सुनील विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।