आजमगढ़। राज्य विश्वविद्यालय के लिए जिला प्रशासन की ओर से शासन को भेजे गए मोहब्बतपुर के प्रस्ताव पर लगभग सहमति बनने की पूरी उम्मीद है। विवि की स्थापना के लिए 37 एकड़ सरकारी भूमि मिली है। शेष 13 एकड़ और रास्ते के लिए छह एकड़ भूमि खरीदने पर भी सहमति बनाई जा रही है। जमीन खरीद पर लगभग 20 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। जल्द जमीन खरीद पर शासन की ओर से घोषणा की जा सकती है।
जनपदवासियों के मांग पर सूबे की सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले जनपद में राज्य विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की थी। बाद में इसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी गई थी। साथ ही विवि की स्थापना के लिए लगभग 50 एकड़ सरकारी निशुल्क भूमि के चिह्निकरण के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए थे। काफी प्रयास के बाद सठियांव ब्लाक के मोहब्बतपुर में 37 एक़ड़ जमीन मिली थी। यहां रास्ते की भी समस्या थी। कहीं अन्य इतनी मात्रा में जमीन नहीं मिलने पर जिला प्रशासन की ओर से मोहब्बतपुर में विवि बनाने का प्रस्ताव बनाकर पिछले दिनों शासन को भेजा गया था। शेष 13 जमीन और रास्ते के निर्माण के लिए लगभग छह एकड़ जमीन खरीदने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया था। सूत्रों की मानें तो शासन शेष जमीन खरीदने के लिए भी तैयार है। यदि रास्ते के लिए जमीन खरीद ली जाती है तो विवि तक पहुंचने के लिए 15 मीटर चौड़े रास्ते का भी प्रबंध हो जाएगा।
अस्थाई पदों को मिल चुकी है स्वीकृति
शासन की ओर से 31 मई को कुलपति, कुलसचिव और वित्त अधिकारी के अस्थायी पदों की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। जल्द ही विवि के लिए प्रशासनिक अधिकारी की तैनाती की जा सकती है। इसके बाद अस्थाई कार्यालय और अन्य प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
शासन को मोहब्बतपुर में विवि की स्थापना का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इस पर सहमति बन रही है। जल्द ही इस बारे में घोषणा हो सकती है। शासन के निर्देश पर जमीन आदि खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एनपी सिंह, डीएम, आजमगढ़