आजमगढ़। प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रिकॉर्ड नौवीं बार देश की संसद में बजट प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट हेडलाइन के लिए नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की डेडलाइन को ध्यान में रखकर लाया गया है।
अनिल राजभर ने बजट का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उत्तर प्रदेश को विशेष सौगात देने के लिए बधाई दी। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में अनिल राजभर ने कहा कि बजट से प्रतिपक्ष को छोड़कर पूरा देश उत्साहित है। सरकार ने आर्थिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। गरीब कल्याण, किसान की आत्मनिर्भरता, युवा शक्ति को अवसर और महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने की पहल युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण साबित होगी। उन्होंने कहा कि बजट में गांव, खेत-खलिहान और ग्रामीण विकास की स्पष्ट झलक दिखती है। निर्यात को बढ़ावा देने, यूरोपीय यूनियन व अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों से देश को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का संकल्प मोदी सरकार का है। स्वास्थ्य सेवाओं के बजट में 50 प्रतिशत वृद्धि, हर जनपद में ट्रामा सेंटर, मातृशक्ति के लिए हॉस्टल, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (मुंबई-पुणे, पुणे–हैदराबाद, पुणे-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी ) जैसे प्रावधानों का उन्होंने स्वागत किया। इससे उत्तर प्रदेश की विकास दर को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल मार्ग विकास के अंतर्गत बनारस से हल्दिया तक व्यापार और पर्यटन शुरू हो चुका है तथा बनारस में शिप रिपेयर सेंटर की घोषणा उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी सौगात है।