अतरौलिया नगर पंचायत के मुख्य बाजार स्थित शोरूम अधिष्ठाता नवनीत जायसवाल पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में गुरुवार को व्यापारी लामबंद हो गए। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी, वहीं व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए थाना प्रभारी से सुरक्षा की गुहार लगाई। व्यापारियों की मांग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बुधवार देर शाम व्यापारी के प्रतिष्ठान के सामने बदमाशों ने हवाई फायरिंग किया और घर के अंदर चेतावनी पत्र भी फेंका था। एसओ राकेश कुमार ने कहा कि फुटेज के माध्यम से अपराधियों की शिनाख्त की जा रही है।
जल्द ही अपराधी गिरफ्त में होंगे। सर्राफा बाजार, गोला क्षेत्र, गोविंद तिराहा, जायसवाल त्रिमुहानी, सदर बाजार, रामबरन चौक, बब्बर चौक आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
चेयरमैन सुभाष चंद जायसवाल, पूर्व चेयरमैन रामचंद्र जायसवाल, विवेक कुमार जायसवाल, राजेश कुमार अग्रहरि, अमित कुमार जयसवाल, रिंकू मोदनवाल, सुमित कुमार गुप्ता, विक्की, दिलीप बरनवाल, बृजेश कुमार, अरविंद कुमार अग्रहरि, अजय कुमार गुप्ता आदि रहे।
वहीं नगर पंचायत अतरौलिया के रहने वाले रेडीमेड कपड़ों के बड़े व्यापारी नवनीत जायसवाल की दुकान के बाहर बुधवार की रात करीब नौ बजे हवाई फायर कर पर्ची फेंककर फरार होने वाले बदमाशों का पुलिस दूसरे दिन गुरुवार तक कोई पता नहीं लगा सकी।
घटना के संबंध में व्यवसाई की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फोटो के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।