ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के भदकानपुरवा असवनिया गांव निवासिनी युवती मंगलवार की रात घर से गायब हुई और सुबह गांव स्थित पोखरे में उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस पड़ोस के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की कवायद में जुटी है।
असवनिया भदकानपुरवा गांव निवासी उदयभान गौतम परिवार के साथ हरियाणा प्रांत में रहते है। वहां वह अपना मोटर गैराज चलाते है। घर पर उदयभान के पिता भाई के अलावा छोटा पुत्र रहता है। उदयभान की पुत्री 18 वर्षीया पूजा बड़गहन स्थित पीजी कालेज से स्नातक फाइनल ईयर की छात्रा थी। परीक्षा देने के लिए बीते पांच जुलाई को ही वह हरियाणा से घर आयी थी। मंगलवार की रात आठ बजे वह अपनी चाची को मोबाइल दी और खेत होकर आने की बात कही। एक घंटे से अधिक का समय होने पर भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजने के बाद भी वह नहीं मिली। सुबह पड़ोस के लोग शौच के लिए गांव स्थित पोखरे की तरफ गए तो एक शव उतराया हुआ देखा। पड़ोसियों की सूचना पर पूजा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त पूजा के रुप में किया। इसके बाद परिजन शव पोखरी से निकाल कर घर लेकर चले आए। शव पर चोट के निशान देख कर परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर भी दी है।
तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इन दोनों लोगों से मोबाइल से कई बार पूजा के मोबाइल पर कॉल किया गया था। मृतका के दो भाई और दो बहन बताए गए है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।