आजमगढ़। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अनिता साइलेंस और जिलामंत्री राकेशमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को कोरोना संक्रमण के दौरान परिषदीय विद्यालयों की ऑडिट कराए जाने के आदेश को लेकर प्रभारी बीएसए को ज्ञापन सौंपा। ऑडिट स्थगित करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अनिता साइलेंस ने बताया कि प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों की आडिट कराए जाने का आदेश निर्गत किया है। कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। पल्हनी ब्लाक में एकत्रित शिक्षकों के बीच एक कोरोना सक्रिय मरीज पाए जाने से ब्लाक को सीलकर सैनिटाइज किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर भय व्याप्त है। शिक्षक ब्लाकों पर एकत्र होने से बचना चाहते हैं। जिलामंत्री राकेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी स्कूल और कालेज 31 जुलाई तक बंद कर दिए हैं। वहीं, फरवरी 2020 में ऑडिट का कार्य किया गया है। मार्च से लेकर अभी तक लगातार विद्यालय बंद है। विद्यालय में कोई विशेष कार्य नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में आडिट का कोई औचित्य नहीं है। कोविड 19 के खतरे को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों की ऑडिट को स्थगित किया जाए। दिनेश चंद्र पांडेय, मनोज कुमार त्रिपाठी, कमलेश यादव, राम प्रकाश सिंह, राज बहादुर सिंह, शैलेन्द्र उपाध्यक्ष, संतोष पाण्डेय आदि उपस्थित थे।