आजमगढ़। मुबारकपुर के मोहब्बतपुर गांव में 17 फरवरी को ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट के मामले का मास्टर माइंड भोलेनाथ मौर्य की पुलिस ने बृहस्पतिवार को शाहगढ़ बाजार से गिरफ्तारी का दावा किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 सौ रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि उसने पिता के खाते में 38,500 रुपये जमा किए हैं। इसके अलावा 12 फरवरी को वह प्रतापगढ़ में हत्या के प्रयास की भी घटना को अंजाम दे चुका है।
प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अखिलेश मिश्रा के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी भोलेनाथ कंधरापुर थाने के बिजौरा भंवरनाथ गांव का है। वो लुटेरों के गिरोह से जुड़ा है। ये योजना बनाता है और इसके साथी घटना को अंजाम देते हैं। सर्विलांस की मदद से भोलेनाथ की गिरफ्तारी बृहस्पतिवार की सुबह शाहगढ़ बाजार के पास से हुई। 17 फरवरी को मोहब्बतपुर गांव में हुई लूट की घटना के बाद भोलेनाथ ने अपने पिता के केनरा बैंक के खाते में 38,500 रुपये जमा किए थे। भोलेनाथ के पिता पान विक्रेता हैं। उसके पास एकमुश्त इतनी रकम कहां से आई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार भोलेनाथ 12 फरवरी को अपने साथियों के साथ प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में लूट के दौरान एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में भी आरोपी है। उसके विरुद्ध वहां केस दर्ज है। इसी मामले में एक बदमाश सौरभ मालवीय को पुलिस ने बुधवार की शाम को बम्हौर गांव के पास हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। घटना में लिप्त अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।