आजमगढ़। शहीदे आजम भगत सिंह व राजगुरु, सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजनीतिक दलों के साथ ही सामाजिक संगठनों ने भी अपने-अपने तरीके से तीनों क्रांतिकारियों को नमन किया।
भगत सिंह शहादत दिवस यादगार समिति के संयोजक डा. रवींद्रनाथ राय की ओर से कुंवर सिंह उद्यान से जुलूस निकाला गया। इस दौरान तीनों कृषि कानून वापस लेने और निजीकरण बंद करने के लिए नारेबाजी की गई। इलाहाबाद बैंक स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के पास पहुंचकर माल्यार्पण किया। वक्ताओं ने कहा कि 90 वर्ष पहले आज ही के दिन 23 मार्च 1931 को देश के तीन सपूतों शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव राजभर और राजगुरु को फांसी के तख्ते पर लटका दिया गया था। प्रधानाचार्या मीनू राय ने बच्चों को भगत सिंह के जीवन पर विस्तार से जानकारी दी। अंबिका पटेल, राकेश यादव, उत्कर्ष, सूरज, निकिता, अनिकेत आदि उपस्थित रहे। भारत रक्षा दल की महिला शाखा की जिलाध्यक्ष छाया अग्रवाल व अखिलेश अग्रवाल द्वारा रैदोपुर तिराहे पर स्थापित त्रिमूर्ति पर सीढ़ी निर्माण व टाइल्स लगवा कर उसका उद्घाटन किया। कार्यकर्ताओं ने शहीदों की मूर्तियों पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया। भाकपा ने तमसा प्रेस क्लब परिसर में ‘शहादत और आज का समाज’ विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग ने कहा कि सरकार भगत सिंह के दादा अजीत सिंह को भी अंग्रेजों ने देश से निष्कासित कर दिया था। बावजूद इसके भगत सिंह का पूरा परिवार देश प्रेम की भावना से ओत-प्रोत था। जब इनको फांसी दी गयी तो उस समय इनकी आयु महज 23 वर्ष थी। अध्यक्षता किसान सभा जिलाध्यक्ष कमला राय व संचालन खरपत्तू राजभर ने किया। वहीं लोजपा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ द्वारा पार्टी कार्यालय में शहादत दिवस का आयोजन किया गया। महेंद्र राय, अशोक विश्वकर्मा, शिवमोहन शिल्पकार रहे। बाबू केदारनाथ जय सेवा संस्थान द्वारा राहुल पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में बलिदान दिवस पर पुष्प अर्पित किया गया। अमरजीत यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान पर जानकारी दी।
अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक के सभागार में भाजपा की तरफ से भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस को युवा दिवस के रूप में मनाया गया। सरकार की चार साल की उपलब्धियों को लोगों के बीच रखा गया। अभिषेक सिंह, गौरव प्रताप सिंह, केसरी नारायण राय, अमरजीत सिंह, प्रमोद राजभर आदि उपस्थित थे। अंबारी प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर तहसील के लोनियाडीह पंचायत भवन में शहीद बलिदान दिवस को युवा सम्मेलन के रूप में मनाया गया। अरविंद कुमार शर्मा, नागेंद्र यादव, लकी पांडेय, गौरव, रानू राजभर, दिलीप, सूरज, नीलम आदि उपस्थित रहे। तहबरपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय नयापुरा में शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहादत दिवस मनाया गया। भाकपा माले के जिला प्रभारी जय प्रकाश नारायण, ओमप्रकाश सिंह, सीपीआई के जितेंद्र पांडेय, हरिकेन यादव, मोती राम यादव, दुर्गा सिंह, विजय बहादुर राय आदि उपस्थित थे।
कलेक्ट्रेट पर अमर शहीद भगत सिंह के पुण्यतिथि पर जुलूस निकालते वाम दल के कार्यकर्ता।- फोटो : AZAMGARH