शहअतरौलिया/बूढ़नपुर। ग्राम स्तर पर मृत प्राय हो चुकी कलाओं को पुर्नजीवित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले तहसील महोत्सव के क्रम में सोमवार को बूढ़नपुर तहसील महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। जिसका शुभारंभ शहीद भगवती सिंह की पत्नी ललिता देवी ने फीता काटकर और दीप प्रज्जवलित कर किया।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय पिपरी के छात्राओं द्वारा वंदना गीत, किसान बालिका इंटर कालेज बूढ़नपुर की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति की गयी। डीएम ने शहीद की पत्नी ललिता देवी और अन्य शहीद परिवार के लोगों को शाल और तुलसी की पौधा देकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि यह महोत्सव जनता का है। जनता के लिए जनता के द्वारा यह महोत्सव आयोजित है। आज हमें अपनी सांस्कृतिक विरासतों को संजोकर रखने की जरूरत है। जिससे हमारी आने वाली पीढ़ी उसे जाने। इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कराते रहने की आवश्यकता है। डीएम ने विश्राम सिंह मैदान अतरौलिया में आयोजित वालीबाल और खो-खो टीम के प्रत्येक सदस्यों से परिचय प्राप्त कर वालीबाल तथा खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। वालीबाल में बल्लू बेल पब्लिक स्कूल अतरौलिया, पटेल मेमोरियल इंटर कालेज और खो-खो में पूर्व माध्यमिक विद्यालय पासीपुर बूढ़नपुर तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुरखास अतरौलिया के बीच खेला गया। इसके बाद डीएम ने स्वंय सेवा महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टाल में सिलाई.कढ़ाई, मनरेगा का कार्य पर सीआईवी निर्माण, बाल विकास पुष्टाहार विभाग,ट्रैफिक पुलिस के स्टाल और जीजीआईसी अतरौलिया की छात्राओं के हस्त शिल्प प्रदर्शनी का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया।
जनप्रतिनिधियों ने निभाई महोत्सव में भागीदारी
अतरौलिया। बुढनपुर तहसील महोत्सव में अधिकारियों के साथ साथ क्षेत्रीय नेताओं तथा जनता की भी भागीदारी रही। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, इंस्पेक्टर अतरौलिया हेमेंद्र प्रताप सिंह पूरी पुलिस फोर्स के साथ डटे हुए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एसडीएम बूढनपुर दिनेश चंद्र मिश्र, नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, अधिशासी अधिकारी अंजली वर्मा, जीजीआईसी प्रधानाचार्य रश्मि प्रिया सिंह जी जान से लगे हुए थे। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, क्षेत्रीय संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ रमाकांत मिश्र, प्रमोद सिंह, जितेंद्र सिंह गुड्डू, महाराजगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सीताराम कांदू आदि उपस्थित थे।
प्राथमिक विद्यालय की कजरी में पिपरी रहा प्रथम
बूढ़नपुर। महोत्सव में आयोजित कजरी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय पिपरी कोयलसा प्रथम, जूनियर बालिका वर्ग कजरी में उच्चतर प्राथमिक विद्यालय भटौली प्रथम, सामूहिक गायन में उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्रों को एसडीएम दिनेश मिश्रा ने पुरस्कृत किया।
लालगंज महोत्सव में संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।- फोटो : AZAMGARH
बुढ़नपुर महोत्सव का शुभारंभ करती अमर शहीद की पत्नी ललिता देवी और डीएम एनपी सिंह।- फोटो : AZAMGARH