अहरौला/कप्तानगंज (आजमगढ़)। कप्तानगंज के हसनपुर गांव निवासीनी विवाहिता की शुक्रवार देर रात संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर मार डालने का आरोप लगाते हुए सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हसनपुरगांव निवासी राममिलन निषाद की शादी तीन साल पूर्व अहरौला थाना क्षेत्र के कठही गांव में 25 वर्षीया शांति देवी के साथ हुई थी। शुक्रवार की रात शांति की अपने ससुराल में ही देर रात संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना मायके वालों को भी रात में मिल गई तो वे भी मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने जहर देकर मार डालने का आरोप लगाना शुरू किया। जिस पर ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। मायके वालों ने रात में ही सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई प्रदीप निवासी कठही थाना अहरौला की तहरीर पर कप्तानगंज पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में सास, ससुर, जेठ व जेठानी को नामजद किया गया है। मृतका डेढ़ साल के बच्चे की मां थी।