बलरामपुर। महराजगंज के सनपुर महेशपुर गांव में 21 वर्षीय विवाहिता नेहा गुप्ता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने हत्या का मामला बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेहा गुप्ता पत्नी रवि गुप्ता की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। सोमवार शाम 4 बजे पति रवि गुप्ता ने पत्नी की भाभी पूजा को फोन कर बताया कि नेहा की तबीयत खराब है। इसके बाद मृतका के पिता राममनोहर निवासी आराजी शंकरपुर, महराजगंज देर शाम ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि नेहा का शव घर के बाहर रखा था। गले पर निशान थे। ससुराल वालों ने बताया कि नेहा ने फंदे से लटक कर जान दी है, लेकिन पिता को हत्या की आशंका हुई। सूचना मिलते ही महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतका के पिता ने पुलिस को हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। नेहा की संतान नहीं थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।