रानी की सराय। स्थानीय थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता की मंगलवार सुबह संदिग्धावस्था में मौत हो गई। पति ने जहां जहर खाने से मौत की बात कही तो वहीं मायके वालों ने मारपीट कर मार डालने का आरोप लगाया। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति को हिरासत में ले लिया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रानी की सराय क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी नीता चौहान (40) पत्नी जियालाल ने मंगलवार की सुबह संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मृतका की मौत की सूचना मायके वालों को हुई तो पिता मौके पर पहुंचे। पिता ने पति पर मारपीट कर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए तहरीर में पिता ने बताया कि पति अक्सर ही उसकी बेटी को मारा-पीटा करता था। इससे क्षुब्ध होकर ही उसकी बेटी ने जहर खाया होगा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पति को हिरासत में ले लिया है। उसकी तीन पुत्री व एक पुत्र हैं। घटना से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।