मंदुरी हवाई पट्टी से घरेलू उड़ान शुरू करने के लिए फिजिबिललिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर स्टडी के लिए एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया की टीम शुक्रवार को जिले में पहुंची। एटीसी, फायर स्टेशन, पार्किंग, इमारत में बदलाव, बोरिंग आदि के लिए जमीन की पड़ताल की।
टीम ने बताया कि कंधरापुर की तरफ एक मोबाइल टावर दो किमी की रेंज में है, उसे हटवाना पड़ेगा। हवाई पट्टी के आसपास के पेड़ भी कटवाने पड़ेंगे। टीम की जांच रिपोर्ट राज्य नागरिक उड्डयन विभाग को सौंपी जाएगी, इसी के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की आठ सदस्यीय टीम राजेश सिन्हा संयुक्त महाप्रबंधक के नेतृत्व में मंदुरी हवाई पट्टी सुबह 11 बजे पहुंची। इस दौरान उन्होंने हवाई पट्टी पर उपलब्ध सुविधाओं और उड़ान शुरू करने के लिए आवश्यकताओं का निरीक्षण किया।
रनवे के मध्य में हाईवे की तरफ एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम टावर की स्थापना के लिए जमीन की आवश्यकता जताई। फायर स्टेशन, बोरिंग, ट्यूबवेल, पार्किंग, सेफ्टी टैंक बनाने के लिए जमीन, उपलब्ध इमारत में होने वाले बदलाव, बीएसएनएल की हॉटलाइन, अलग से पावर स्टेशन बनाने आदि की जानकारी ली। इं
ट्री, एक्जिट, सिक्योरिटी रूम आदि के बारे में चर्चा की। रनवे को चौड़ा करने और अधूरी बाउंड्री को पूरो करने के लिए अब तक हुए कार्य की जानकारी ली। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि जमीन अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को दिया गया है। धन उपलब्ध होने पर दो माह में अधिग्रहण हो जाएगा। साथ ही तीन से चार माह में आवश्यक कार्य पूर्ण करा दिए जाएंगे।
राजेश सिन्हा ने कहा कि जमीन पर्याप्त है। जरूरत पड़ी तो अधिग्रहण कर लिया जाएगा। प्रदेश सरकारी जितनी जल्दी हमारी मदद करेगी, उतनी जल्दी हम इसे हवाई पट्टी से हवाई अड्डा बना लेंगे। टीम में शामिल अलग-अलग विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट तैयार की है।
इससे राज्य सरकार को सौंप दिया जाएगा। टीम ने जिलाधिकारी सीबी सिंह से उनके आवास पर भेंटकर वार्ता की। जिलाधिकारी ने सबी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एयरपोर्ट अथारिटी के ललित कुमार मिश्र, सीबी जैन, पीडब्ल्यूडी के राघवेंद्र सिंह, विजय कुमार तिवारी, एसडीएम रवि रंजन, तहसीलदार मनोज कुमार, आदि उपस्थित रहे।
मंदुरी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने मे आने वाली कमियों को चिह्नित करने लिए शुक्रवार को एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की टीम जनपद पहुंची थी। टीम अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी। शासन के निर्देशों के अनुसार यहां पर कार्य कराए जाएंगे। -सीबी सिंह, जिलाधिकारी
पीडब्ल्यूडी और निर्माण निगम के प्रस्ताव से सहमत
पिछले दिनों स्पेशल सेक्रेटरी सिविल एविएशन ने जनपद दौरा के दौरान हवाई पट्टी से उड़ान के लिए रनवे और उपलब्ध इमारत में बदलाव के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी थी। राजकीय निर्माण निगम की ओर से इमारत में बदलाव के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। वहीं, रनवे को चौड़ा और बाउंड्री को पूरा करने आदि का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयार किया गया है। दोनों विभागों की ओर से प्रस्ताव को टीम के सामने पेश किया गया। टीम ने भी इससे सहमति जताई और शासन को भेजने को कहा।