डायरेक्टर जनरल आफ गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंवेस्टीगेशन (डीजी जीएसटीआई) की टीम ने टैक्स चोरी कर पुकार पान मसाला बेचने के मामले में शहर के बड़े गुटका और जर्दा व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने माल से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की। लगभग पांच घंटे तक जांच के बाद टीम आवश्यक दस्तावेज अपने साथ ले गई।
इस दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से हुई कि किसी को जानकारी भी नहीं हुई। हालांकि प्रतिष्ठान के मालिकों की ओर से किसी भी प्रकार का माल सीज करने की कार्रवाई से इंकार किया जा रहा है।
शहर के कुर्मी टोला निवासी प्रभुनाथ की चौक क्षेत्र में प्रभुनाथ एंड संस के नाम से फर्म है। वो शहर को गुटका और जर्दा के बड़े व्यापारी हैं। पुकार पान मसाला के जनपद के बड़े डीलर हैं। चार दिन मंगलवार को डायरेक्टर जनरल आफ गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंवेस्टीगेशन टीम के संदीप बाली ने एसपी से छापेमारी के बारे में बात फोर्स देने की मांग की थी।
मंगलवार को दोपहर एक बजे फोर्स के साथ संदीप बाली एक दरोगा और चार सिपाही के साथ फर्म पर पहुंचे थे। इस दौरान टीम ने अन्य लोगों को बाहर कर दिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। पांच घंटे तक टीम टैक्स से संबंधित अभिलेख खंगालती रही।
बताया जाता है कि पुकार पान मसाला के मालिक की लखनऊ में दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी है। प्रभुनाथ का अधितकर माल दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी से ही आता है। डायरेक्टर जनरल आफ गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंवेस्टीगेशन को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर माल बेचने का मामले की जानकारी मिली थी।
लखनऊ के साथ ही कंपनी के बड़े डीलरों के प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच करनी थी। लखनऊ से जानकारी लेकर टीम आजमगढ़ पहुंची थी। दस्तावेजों को खंगालने के बाद टीम आवश्यक कागजात अपने साथ ले गई।
टीम में शामिल रहे संदीप बाली ने छापेमारी की पुष्टी की है, लेकिन इसके बारे में कुछ बताने से इंकार किया। एसपी अजय साहनी ने बताया कि टीम के संपर्क करने पर उसे फोर्स मुहैया कराई गई थी। टैक्स चोरी के मामले की जांच करने के लिए टीम पहुंची थी। छापेमारी के बाद टीम वापस लौट गई।