आजमगढ़। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए डायट पर शुक्रवार को शिक्षकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया। अब शिक्षक बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करना सिखाएंगे। प्राथमिक कक्षाओं से ही विद्यार्थियों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस मौैके पर विद्यालय छूटने के बाद बच्चों को सड़क पार कराने की जिम्मेदारी स्कूल को सौंपी गई।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को डायट प्राचार्य अमरनाथ राय व आरआई पवन सोनकर के नेतृत्व में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बीएसए अंबरीष कुमार, यात्री कर अधिकारी राजेश सिंह समेत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान डायट प्राचार्य अमरनाथ राय ने कहा कि हमे यातायात नियमों को लेकर जागरूक होने की जरूरत है। हम जागरूक होंगे तभी अपने बच्चों को जागरूक कर सकेंगे। यातायात नियमों का पालन तभी होगा जब हम इसे अपनी संस्कृति की तरह अपनाएंगे। बीएसए अम्बरीष कुमार ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे बच्चों को यातायात के नियमों को बताना होगा। जिससे कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। आरआई पवन सोनकर ने कहा कि स्कूल ही एक ऐसा स्थान है जहां से आने वाले भविष्य को हम सुरक्षित कर सकते हैं। बच्चे यातायात के प्रति जागरूक होंगे तो वह भी सभी को जागरूक करेंगे। इस अवसर पर डा. माधव सिंह सहित तमाम शिक्षक उपस्थित थे।
पत्रावली गायब होने में कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। लालगंज तहसील अंतर्गत ग्राम-जमुई निवासी जयंत यादव ने उप जिलाधिकारी फूलपुर के न्यायालय से दो पत्रावलियों के गायब हो जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि 229 बी का दो मुकदमा उप जिलाधिकारी लालगंज के यहां दाखिल किया गया था। जो बाद में उप जिलाधिकारी फूलपुर के यहां स्थानांतरित कर दिया गया। इसमें उप जिलाधिकारी फूलपुर ने 18 अप्रैल 1990 को हमारे पक्ष में फैसला दिया गया। उक्त पत्रावली की मांग किए जाने पर मालूम पड़ा कि वह गायब है। जयंत ने इस मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।