निजामाबाद में मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में शामिल धावक। संवाद
निजामाबाद। कस्बे में आयोजित 19वीं बृहद मैराथन दौड़ में विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों धावकों ने दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबले में वाराणसी के चोलापुर निवासी मनीष कुमार यादव ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। उन्हें एलईडी टीवी देकर सम्मानित किया गया।
फरहाबाद चौराहे से शुरू हुई दौड़ पुल चुंगी, सेंटरवा मार्ग, कठवा पुल और शीतला धाम मार्ग होते हुए सिंहासनी वाटिका जाने वाले मार्ग पर संपन्न हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, गुरुद्वारे के जत्थेदार सतनाम सिंह और आयोजक योगिराजेश्वर पहलवान सहित अन्य लोगों ने फीता काटकर और तिरंगा झंडा दिखाकर किया। प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के राजकुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्हें साइकिल और गोरखपुर के सत्यम चौरसिया को तीसरे स्थान पर रहने पर कूलर प्रदान किया गया। अंबेडकरनगर के सुधांशु मौर्य चौथे और रानी की सराय के रवि यादव पांचवें स्थान पर रहे। 12वें स्थान तक पहुंचने वाले धावकों को पुरस्कार दिया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजक योगि राजेश्वर पहलवान ने आयोजन की सफलता का श्रेय युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सहयोगियों को दिया।