सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बहरीपुर गांव निवासिनी सुमन पत्नी मुनिराज प्रजापति सोमवार की शाम अपनी भतीजी अर्चना के साथ जीयनपुर बाजार में तीज का सामान लेने आई थीं। इसी दौरान तीन महिलाओं ने अर्चना के बैग से चार हजार रुपये नगद और सुमन के गले से मंगलसूत्र छीन लिए। शोरगुल सुनकर बाजारवासी सक्रिय हुए और तीनों महिलाओं का पीछा कर पकड़ लिया। इस दौरान उक्त महिलाओं ने लोगों से हाथापाई भी की।
इस बीच भीड़ ने एक महिला को दबोच लिया, जबकि उसकी दो भाग गई। पकड़ी गई आरोपी महिला ने अपना नाम रिया देवी पत्नी विनोद राम, निवासी मजार के पास, थाना दोहरीघाट, जिला मऊ बताया। तलाशी में पुलिस ने उसके पास से मंगलसूत्र और 1300 रुपये नगदी बरामद किया। पीड़ित सुमन प्रजापति के पति मुनिराज प्रजापति ने घटना के संबंध में जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़ी गई महिला से पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।