आजमगढ़। जिले में शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान जहानागंज के वैष्णव हरिहरदास इंटर कॉलेज शेरपुर कुटी परीक्षा केंद्र से दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे सात मुन्नाभाइयों के पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, प्रकरण में प्रबंधक के पुत्र की भी संलिप्तता पाई जा रही है। डीएम एनपी सिंह ने उसके खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही है।
हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान केंद्र से दिनेश यादव के स्थान पर मनीष चौहान, दीप सिंह के स्थान पर सत्यम वर्मा, दीपक गुज्जर के स्थान पर अजय यादव, कृष्णवीर के स्थान पर अभिषेक यादव, लव चौधरी के स्थान पर कमलेश पाल, मोनू चौधरी के स्थान पर संजय राजभर, सोनू गुज्जर के स्थान पर गोविंद यादव को परीक्षा देते पकड़ा गया था।
प्रबंधक के साथ ही सातों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि प्रकरण में जहानागंज पुलिस ने खेल की पूरी कोशिश की थी, लेकिन मामला पकड़ में आने के बाद एसपी ने उन्हें खूब फटकारा था। इसके साथ ही ये भी कहा गया था कि जहानागंज पुलिस ने प्रबंध को पकड़ने के बाद भी थाने से उसे छोड़ दिया था। एसपी ने फटकार लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए मुन्ना भाई शिवाजी इंटर कॉलेज प्रजापतिपुर तरवां में पंजीकृत छात्रों के नाम पर परीक्षा दे रहे थे। केंद्र व्यवस्थापक की सक्रियता से आरोप पकड़े गए। शिवाजी इंटर कालेज के प्रबंधक रामकीरत यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही प्रकरण में राम कीरत के बेटे की भी संलिप्तता सामने आई है।
बदले गए केंद्र व्यवस्थापक
आजमगढ़। जिलाधिकारी को मिली शिकायत पर मां बच्ची सती इंटर कालेज हसनपुर तेरही के केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि शिकायत मिली थी केंद्र पर जिस विद्यालय का सेंटर आया उसके प्रबंधक केंद्र व्यवस्थापक के परिवार से बताए जा रहे थे। शिकायत पर केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है। यहां पर जीआईसी रैसिंगपुर के प्राचार्य कल्पनाथ यादव को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।