बलरामपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के कमरहा देगुरपुर निवासी रामचंद 57 की बृहस्पतिवार को पोखरे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों के अनुसार, रामचंद बृहस्पतिवार की सुबह अराव गुलजार (कप्तानगंज) स्थित पोखरे पर सिंघाड़ा निकालने गए थे। प्रतिदिन की तरह घर से निकलने के बाद जब वह नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। दोपहर लगभग 12 बजे परिजन उनकी तलाश करते हुए पोखरे पर पहुंचे, जहां रामचंद शव उतराया था। घटना की सूचना तुरंत कप्तानगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने बताया कि रामचंद पेशे से मजदूर थे और उन्हीं की कमाई से परिवार का भरण-पोषण होता था। मृतक एक पुत्र और छह पुत्रियों के पिता थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है।