आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम पसिका में खेत की सिंचाई के विवाद में तलवार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी विजयशंकर गिरी को पुलिस ने रविवार को चौकी गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया आरोपी विजयशंकर गिरी पसिका गांव का ही निवासी है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पसिका निवासी दिनेश कुमार राय ने पुलिस को सूचना दी कि 21 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 8.30 बजे वह कम्मरपुर स्थित अपने खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी विजयशंकर गिरी ने पाइप हटाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी अपनी दुकान से तलवार लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से गर्दन पर वार कर दिया। पीड़ित ने हाथों से वार रोक लिया, जिससे उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आ गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया था।