फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से पासपोर्ट बनवाने वाला गिरफ्तार आरोपी। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। बरदह पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों और अलग-अलग जन्मतिथि वाले कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो बार पासपोर्ट बनवाने के आरोप में मोहम्मद किरमान निवासी रसूलपुर बरदह को खराट नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके उसे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 18 जुलाई को उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार भारती की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी की जांच में सामने आया कि बरदह थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी मोहम्मद किरमान ने अलग-अलग कूटरचित शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, जिन पर अलग-अलग जन्मतिथि अंकित थी, का इस्तेमाल करके दो बार पासपोर्ट बनवा लिया था। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर बरदह थाने में दर्ज प्राथमिकी और पासपोर्ट अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।