आजमगढ़। ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर 9.25 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी मनोज यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑनलाइन गेमिंग “51गेम” के नाम पर उनसे 9.25 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान बिहार निवासी अविनाश विजय का नाम सामने आया। आरोपी भोजपुर के आरा थाना क्षेत्र के 439 खुनी गली शीतल टोला शिवगंज का रहने वाला है। उसका दूसरा पता जमीराबांध आरा भी है।
साइबर क्राइम टीम ने अविनाश को आरा से सात मई को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड करता था। ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में मंगाकर अपने खाते में ट्रांसफर कर नकद निकाल लेता था और कुछ धनराशि साथियों को भेज देता था। आरोपी फर्जी दुकान एवं फर्म के नाम पर मर्चेंट क्यूआर स्कैनर तैयार कर उनका इस्तेमाल करता था और अन्य लोगों को भी उपलब्ध कराता था। सीओ सदर ने बताया कि आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद बरामद किए हैं।