कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के लिए एसडीएम सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को शहर में जांच अभियान चलाया। दिशा निर्देशों की अवहेलना कर एक खुले शॉपिंग माल ओर बिना मास्क दुकानों पर बैठे दर्जनभर दुकानदारों का चालान कटवाया।
एसडीएम सदर वागीश कुमार शुक्ला बृहस्पतिवार को कोरोना गाइड लाइन के स्थिति का जायजा लेने शहर की सड़कों पर निकले थे। शासन के निर्देश पर 1 जून से बाजार सुबह 11 से शाम छह बजे तक खोले जा रहे है। छोटे दुकानदारों को खोलने की अनुमति हुई है लेकिन शॉपिंग मॉल, सैलून, सिनेमा हाल पर फिलहाल रोक है। इसके बाद भी शहर के तकिया क्षेत्र स्थित एक शॉपिंग मॉल खुला हुआ और उसमें भारी संख्या में ग्राहक मौजूद थे। जिस पर एसडीएम ने शॉपिंग मॉल पर 1000 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए उसे तत्काल बंद कराया। इसके साथ ही दिशा निर्देशों के विरूद्ध शॉपिंग मॉल खोलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा एसडीएम ने शहर के दर्जन भर दुकानदारों का बिना मास्क लगाए दुकानों पर बैठने के लिए चालान कटवाया। एसडीएम ने कहा कि गाइड लाइन का अनुपालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी बार गड़बड़ी मिली तो निश्चित तौर पर संबंधित के खिलाफ महामारी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।