गुरुवार को दूसरे चरण के नामांकन में बदमाश अमरजीत यादव की मां मुराती देवी ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कप्तानगंज से नामांकन पत्र दाखिल किया। जिस प्रकार से बदमाश अमरजीत यादव ने आत्मसमर्पण किया था, उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह राजनीति में उतरेगा।
गुरुवार को उसकी मां मुराती देवी के नामांकन पत्र दाखिल करने से ये बात पुष्ट हो गई। बताते चलें कि कभी जनपद के देवारा क्षेत्र और आसपास के जनपदों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके माफिया सरगना शिवदास यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था।
उनकी पत्नी शीला यादव ने राजनीति के क्षेत्र में कदम रखा और महराजगंज से महाप्रधान चुनी गईं। शिवदास के मरने के बाद गिरोह की कमान अमरजीत यादव ने संभाल ली। उसने ताबड़तोड़ कई घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव पर अमरजीत ने नाटकीय ढंग से महराजगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
हालांकि अमरजीत यादव तो जेल में है लेकिन लोगों का कहना है कि अमरजीत के इशारे पर ही मुराती देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।