उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी गुरुवार को एसपी से मिले। उन्होंने सिधारी थाने में सर्राफा बंधुओं पर दर्ज कराए गए मामलों की जांच कराने की मांग की। इससे पूर्व, बुधवार की रात शहर के अग्रवाल धर्मशाला में व्यापारियों ने बैठक कर झूठा मुकदमा दर्ज कराने का हवाला देते हुए एफआईआर रद्द करने की मांग उठाई। एसपी ने मामले की जांच एएसपी नगर विनोद कुमार को सौंपी है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महामंत्री मनोज कुमार बरनवाल के मुताबिक, हर्षवर्द्धन अग्रवाल के मकान में राहुल गोयल की सर्राफा की दूकान है। 18 सितंबर की रात हर्षवर्द्धन ने सपा का धौंस देकर सिधारी थाने में राहुल और कुशाग्र गोयल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। जबकि जिस समय घटना का जिक्र है, उस समय कुशाग्र कोलकाता में थे।
हवाई जहाज का टिकट, होटल और खरीदारी का बिल उनके पास मौजूद है। उधर, बुधवार की रात अग्रवाल धर्मशाला की बैठक में राहुल ने पदाधिकारियों के समक्ष बिल आदि प्रस्तुत किया। इसी कड़ी में गुरुवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष संत प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों का एक शिष्टमंडल एसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
साथ ही सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव को भी ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उपाध्यक्ष सुआल प्रसाद गोंड़, सुधीर अग्रवाल, श्रीकांत मौर्य, पद्माकर वर्मा आदि मौजूद रहे।