आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 में जनपद में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के समस्त निजी, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के छात्राओं एवं अध्यापकों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गांव-गांव जाकर महिला मतदाताओं एवं आमजन को मतदान एवं मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूक कर रही हैं।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी के निर्देश के क्रम में मतदाता जागरूकता के लिए मंगलवार को शहीद स्मारक बालिका इंटर कालेज मित्तुपुर द्वारा विस फूलपुर पवई के अन्तर्गत बूथ नं. 142 पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा चुनाव की मेंहदी कार्यक्रम के तहत महिलाओं के हाथों में मेंहदी लगाकर मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही मतदान दिवस सात मार्च को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए सभी से अपील किया गया। इसी के साथ ही जनपद के अन्य विद्यालयों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान एवं चुनाव की मेंहदी कार्यक्रम के तहत महिलाओं को मेंहदी लगाई गई। मतदान करने के लिए मतदाताओं में निमंत्रण बांटे गए।