आजमगढ़। गन्ना किसानों की मुश्किल आसान होने वाली है। गन्ना समिति ने गन्ना की बुआई से लगायत समतलीकरण व पुआल से खाद बनाने के लिए मशीन मंगाई गई है। किसानों को यह मशीन किराए पर दी जाएगी। इसके लिए किसानों को 17 रुपये प्रति घंटा के हिसाब से किराया देना होगा। मशीन किसान के खेत पर पहुंचाने के लिए गन्ना विभाग ने पहल भी शुरू कर दी है।
गन्ना समिति बूढ़नपुर समिति के लेखाकार पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि अब किसानों को खेत में पराली जलाने का झंझट खत्म हो जाएगा। गन्ना विभाग व कृषि विभाग की मदद से गन्ना समिति बूढ़नपुर में मल्चर व प्लाउ मशीन मंगाई गई है। करीब छह लाख रुपये इस पर खर्च किए गए हैं। मशीन पुआल के छोटे-छोटे टुकड़े करके खेतों में बिखेर देगा जो बाद में खाद बन जाएगी। किसानों को प्रति घंटा 17 रुपये इसके लिए देना होगा। कोई भी किसान समिति पर जाकर इसे किराए पर ले सकता है। सरकार ने ट्रैक्टर के साथ मल्चर लगाने का आदेश दिया है। यह भी निर्देश है कि बिना मल्चर लगवाए कंबाइन का प्रयोग नहीं होना चाहिए। कंबाइन मशीन से कटाई के बाद ट्रैक्टर के साथ मल्चर का प्रयोग किया जाएगा ताकि खेत में पराली न बचे। खेत की सीधे जोताई कर आगे की बोआई हो सकती है।
शासन से 80 फीसद मिलेगा अनुदान
मल्चर व प्लाउ की खरीद गन्ना समिति द्वारा की गई है। गन्ना समिति को शासन की ओर से 80 फीसद अनुदान दिया जाएगा। शासन की इस पहल से किसानों को काफी राहत मिलेगी।