मेहनाजपुर दरियापुर नेवादा कूबा पीजी कालेज में आयोजित राज्य स्तरीय हाँकी प्रतियोगिता में विजेत?
- फोटो : AZAMGARH
मेहनाजपुर। दरियापुर नेवादा स्थित कूबा डिग्री कालेज में चल रही स्व. शिवपूजन सिंह स्मृति हॉकी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का फाइनल मैच मंगलवार को खेला गया। लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल ने विवेक अकादमी वाराणसी को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच की शुरुआत मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह मुन्ना, पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा अखिलेश सिंह ने स्व. शिवपूजन सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। फाइनल खेल रहे दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। फाइनल में दोनों ही टीमें जद्दोजहद करती दिखीं। पहले हाफ के 15वें मिनट में लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल ने एक गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद दोनों टीमों में जबरदस्त मुकाबला चला। दूसरे हाफ के 19वें मिनट में विवेक अकादमी वाराणसी के खिलाड़ी राहुल ने एक गोल कर मैच को बराबर कर दिया। फिर दोनों टीमें गोल के लिए जूझती नजर आईं। 26वें मिनट में लखनऊ के खिलाड़ियों ने एक गोल कर खिताब पर कब्जा कर लिया। विजेता टीम को 50,000 रुपये और उप विजेता टीम को 30,000 रुपये का चेक दिया गया। पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि हॉकी की सेवा और इस मिट्टी की सेवा में लगे रविन्द्र सिंह इंडोनेशिया से आकर हर साल ये खेल आयोजित करते हैं। संजय सिंह, गोल्डी, शिवपूजन सिंह, देवेंद्र सिंह, सुधांशू आदि रहे। संचालन लाले मिश्रा ने किया।
मेहनाजपुर दरियापुर नेवादा कूबा पीजी कालेज में आयोजित राज्य स्तरीय हाँकी प्रतियोगिता में खेलते ?- फोटो : AZAMGARH